Saturday, July 14, 2012

10:26 PM - No comments

5 की कलेक्टरी सुरक्षित, 6 को नई जिम्मेदारी

 आईएएस अफसरों की बहुप्रतिक्षित तबादला सूची कल शाम होते-होते जारी कर दी गई। हालांकि यह प्रशासनिक सर्जरी आधी अधूरी है। इस सर्जरी में पांच आईएएस अफसरों की कलेक्टरी सुरक्षित रही जबकि छह अफसरों को नई जिम्मेदारी दी गई है। पांच अफसरों को पहली बार कलेक्टरी का मौका मिला है।
ई-गवर्नेंस में बेहतर काम करने वाले खण्डवा कलेक्टर कवीन्द्र कियावत को अब मुख्यमंत्री के गृह जिले सीहोर की जिम्मेदारी मिली है। इसे महज संयोग ही कहा जाएगा कि तबादले के बाद इन्हें राजधानी भोपाल में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत भी किया। ग्वालियर में कलेक्टर के रूप में बेहतर काम करने वाले आकाश त्रिपाठी अभी मुख्यमंत्री सचिवालय में जिम्मेदारी संभाल रहे थे, अब इन्हें इंदौर जिले की कमान सौंपी गई है। राघवेन्द्र सिंह को इंदौर श्रेष्ठ काम करने के लिए पर्यटन विकास निगम की कमान दिए जाने को तोहफा के तौर पर देखा जा रहा है। इन्हें यह जिम्मेदारी मिलना पहले से ही तय थी। कृषि विभाग के एडीशनल सेके्रटरी संतोष मिश्रा को शिक्षा मण्डल सचिव पदस्थ किए जाने का निर्णय लोगों की समझ से परे है, क्योंकि ये 12 वर्ष पहले भी यहां सचिव रह चुके हैं। यहां के सचिव केदारलाल शर्मा को हटाए जाने के पीछे शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस के साथ पटरी न बैठ पाना माना जा रहा है।
प्रमोटी अफसरों पर भरोसा -
सरकार ने इस बार प्रमोटी अफसरों पर अधिक भरोसा जताया है। कवीन्द्र कियावत, एम के अग्रवाल, नीरज दुबे, सीबी सिंह, बीएम शर्मा, अशोक भार्गव ऐसे आईएएस अफसर जिनकी कलेक्टरी सुरक्षित है, यह बात अलग है इन्हें अन्य जिलों की कमान सौंपी गई है। जबकि आनंद कुमार शर्मा, सुरेन्द्र उपाध्याय, राजीव दुबे को पहली बार कलेक्टरी का मौका मिला है। ये सभी प्रमोटी आईएएस अफसर हैं। नागर गोजे मदान विभीषण और भोंडवे संकेत शांताराम को भी पहली बार कलेक्टरी मिली है। नागर को डिण्डोरी और भोंटवे को अशोकनगर की कमान मिली है।

0 comments: