Saturday, June 16, 2012

9:46 PM - No comments

IAS त्रिपाठी संभालेंगे जल निगम की कमान


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विश्वासपात्र अफसरों में शुमार आकाश त्रिपाठी को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने जा रही है। सरकार इन्हें नव गठित जल निगम की कमान दे रही है। इन्होंने भी हां कह दी है।
पिछले माह की 22 तारीख को कैबिनेट ने जल निगम के गठन को मंजूरी देने के साथ ही सरकार ने ऐसे अफसर की तलाश शुरू कर दी थी, जो इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभाल सके। हालांकि शुरुआती दौर में ही यह तय हो गया था कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाले इस निगम की कमान किसी आईएएस अफसर को ही सौंपी जाएगी, इसके लिए ऐसे अफसर की तालश थी जो तेज तर्रार हो और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर सके। ऐसे में मुख्यमंत्री सचिवालय में अतिरिक्त सचिव आकाश त्रिपाठी के नाम पर विचार हुआ। और इनके नाम पर सहमति बन गई। त्रिपाठी भी यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। इस जिम्मेदारी के साथ त्रिपाठी मुख्यमंत्री सचिवालय में भी सेवाएं देते रहेंगे।

आकार लेने लगा निगम -
जल निगम का काम तो पहले ही तय है अब इसे आकार भी मिलने लगा है। यानी यहां अफसरों की तैनाती होने लगी है। हाल ही में यहां एक मुख्य अभियंता सहित दो कार्यपालन यंत्रियों को प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया गया है। अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की पदस्थापना होना है। 

यह काम करेगा निगम -
मध्यप्रदेश जल निगम (मध्यप्रदेश वॉटर कापोर्रेशन) प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में संचालित समूह नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन के लिये निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऋण लेने तथा अन्य संसाधनों से वित्तीय प्रबंध कर सकेगा। कापोर्रेशन द्वारा जरूरत के अनुसार नगरीय क्षेत्रों में नल-जल एवं मल-जल निष्पादन योजनाओं का क्रियान्वयन और नल कनेक्शन के माध्यम से परिवारों को पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। नल-जल योजनाओं के सुचारु संचालन और संधारण के उद्देश्य से ग्राम-स्तर पर समितियाँ गठित करने और समिति के सदस्यों की क्षमता वृद्धि का दायित्व भी कापोर्रेशन निभाएगा।

0 comments: